पति, बेटे और भतीजे को जहर देने की साजिश का आरोप, पत्नी गिरफ्तार
दो करोड़ की बीमा पॉलिसी और संपत्ति के लिए साजिश रचने का आरोप
गाजियाबाद (जनवार्ता)। गाजियाबाद में पति, बेटे और भतीजे को कथित रूप से सीसा देकर मारने की साजिश के आरोप में पुलिस ने रेनू भटनागर को गिरफ्तार किया है। मामला तब सामने आया, जब पति सुशील भटनागर की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में जांच कराई गई। रिपोर्ट में उनके शरीर में सीसा (लेड) की पुष्टि हुई।

सुशील ने 24 सितंबर को इंदिरापुरम थाने में पत्नी और उसके परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, सुशील का ट्रैवल कारोबार करीब पांच से छह करोड़ रुपये का है। इसके अलावा उनके नाम दो करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी है, जिसमें पत्नी नॉमिनी हैं। आरोप है कि इसी संपत्ति और बीमा राशि के लालच में तीनों को निशाना बनाया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला पर धीरे-धीरे सीसा देने का आरोप है, ताकि तबीयत बिगड़ने को सामान्य बीमारी समझा जाए। 23 नवंबर को गिरफ्तारी के बाद पुलिस जहर के स्रोत और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

