सारनाथ के पंचकोशी चौराहे पर यातायात पुलिस ने किया दर्जनों वाहनों का चालान
बिना हेलमेट, तीन सवारी और प्रेशर हॉर्न लगाने वालों पर कसी नकेल, कार्रवाई से वाहन चालकों में मचा हड़कंप
वाराणसी (जनवार्ता)। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सारनाथ के पंचकोशी चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। यातायात निरीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में दोपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाकर चलने तथा वाहनों में तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न और लाउड हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।


यातायात पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई से बचने के लिए कई वाहन चालक रास्ता बदलकर भागते नजर आए। वहीं, चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए।
इस मौके पर यातायात निरीक्षक अमित सिंह ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट पहनना और नियमों का पालन करना किसी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

