बिहार में निवेश बढ़ाने पर जोर, सम्राट चौधरी ने 80 आधुनिक फायर ब्रिगेड वाहनों को किया रवाना
पटना (जनवार्ता)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना के गांधी मैदान से अग्निशमन विभाग के 80 हाई-टेक फायर ब्रिगेड वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विभाग को 36 नई स्कॉर्पियो गाड़ियां भी सौंपी गईं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य को उद्योग, निवेश और मजबूत कानून व्यवस्था के जरिए समृद्ध बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर उद्योग-धंधों की स्थापना जरूरी है। उन्होंने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से राज्य लौटकर निवेश करने और उद्योग लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि बिहार के लोग अपने राज्य में निवेश करेंगे तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य तेजी से आगे बढ़ेगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पद संभालने के एक महीने से कुछ अधिक समय में ही राज्य में निवेश को लेकर सकारात्मक माहौल बनना शुरू हो गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार एक वर्ष के भीतर बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का पूंजी निवेश लाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इसके लिए नई औद्योगिक नीतियों और योजनाओं को लागू किया जा रहा है।
कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सुशासन वाला राज्य है और पुलिस को स्वतंत्र रूप से काम करने की पूरी छूट दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी मजबूती के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रही है और आगे भी निभाती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार को 1000 जवानों की क्षमता वाला केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का प्रशिक्षण केंद्र मिला है। उन्होंने कहा कि गया में विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में भी एक और सीआईएसएफ प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा को बड़ी विपदा बनने से रोकना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से अग्निशमन सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। बिहार अग्निशमन सेवा में अब लगभग 8000 कर्मी कार्यरत हैं, जो आगजनी और अन्य आपदाओं से निपटने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई कई व्यवस्थाओं और सुधारों का असर आज भी दिखाई देता है तथा वर्तमान सरकार उन योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और अग्निशमन विभाग का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में महिला फायर फाइटर्स ने भी अपने कौशल और साहस का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने आधुनिक अग्निशमन उपकरणों और तकनीकों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।


