जर्जर बिजली खंभे को श्रद्धांजलि देकर लोगों ने जताया विरोध

जर्जर बिजली खंभे को श्रद्धांजलि देकर लोगों ने जताया विरोध

कई शिकायतों के बाद भी कार्रवाई न होने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश

वाराणसी (जनवार्ता)। करौंदी चौराहे के पास धर्मजीत नगर मुख्य मार्ग पर बुधवार को जर्जर बिजली के खंभे को बदलने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। युवा नेता रघुकुल यथार्थ के नेतृत्व में लोगों ने खंभे को श्रद्धांजलि अर्पित कर बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से खंभा जर्जर स्थिति में है और कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने आशंका जताई कि खंभा कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।
रघुकुल यथार्थ ने कहा कि क्षेत्रवासी लगातार भय के माहौल में रह रहे हैं, लेकिन विभाग समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द खंभा नहीं बदला गया तो क्षेत्र के लोग सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार को लंका स्थित वीटू मॉल के पास एक जर्जर बिजली खंभा ट्रांसफार्मर समेत गिर गया था। हालांकि संयोगवश उस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
प्रदर्शन में वैभव विशेन, भोनु, बद्री प्रसाद, अश्वनी, बृजेश, शिवशंकर और रंजीत समेत कई स्थानीय निवासी मौजूद रहे। लोगों ने कहा कि यह केवल एक खंभे का मामला नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   नेशनल स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में बरेका के खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *