बीडीए की खोदाई से रुहेलखंड विश्वविद्यालय में ब्लैकआउट
बरेली (जनवार्ता) । महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बीडीए की खोदाई के चलते बिजली संकट गहरा गया है। बीसलपुर रोड पर निर्माण कार्य के दौरान 11 केवी भूमिगत फीडर लाइन बार-बार क्षतिग्रस्त होने से विश्वविद्यालय परिसर में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार हरूनगला पावर स्टेशन से आने वाली इंडिपेंडेंट फीडर लाइन विश्वविद्यालय ने अपने संसाधनों से डलवाई थी, ताकि निर्बाध बिजली मिल सके। आरोप है कि 11 और 12 मई को खोदाई के दौरान केबल कटने से 11 मई को करीब 10 घंटे और 12 मई को लगभग 20 घंटे तक बिजली गुल रही।
मुख्य परीक्षाओं के बीच बिजली कटौती से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई और परीक्षा तैयारी में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं रासायनिक प्रयोगशालाओं के कई प्रयोग भी प्रभावित हुए। भीषण गर्मी के बीच छात्रावासों और आवासीय परिसर में पेयजल संकट भी खड़ा हो गया।
स्थिति से नाराज छात्रों ने 12 मई की रात कुलपति आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन कर जल्द समाधान की मांग की।
कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह ने मंडलायुक्त को पत्र भेजकर मामले की शिकायत की है। उन्होंने परीक्षा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने और भविष्य में फीडर लाइन को केबल ट्रेंच में शिफ्ट करने का सुझाव दिया है, ताकि दोबारा ऐसी समस्या न हो।


