मदरसन हंगामा: नोएडा और नेपाल के जेन-जी आंदोलन से जुड़े तार, आठ संदिग्ध चिन्हित
हल्द्वानी, (जनवार्ता) । हल्दूचौड़ स्थित मदरसन कंपनी में हाल ही में हुए श्रमिक हंगामे के तार अब नोएडा और नेपाल के जेन-जी आंदोलन से जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आंदोलन के दौरान कुछ बाहरी संदिग्ध सक्रिय थे, जो श्रमिकों को भड़काने का काम कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, ये संदिग्ध नोएडा में हुए श्रमिक उपद्रव से प्रेरित हैं और सोशल मीडिया के जरिए स्थानीय मजदूरों को उकसा रहे थे। जांच एजेंसियां अब इनकी गतिविधियों और नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। मदरसन कंपनी में श्रमिकों का आंदोलन फिलहाल शांत हो चुका है, लेकिन प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि संदिग्धों का नोएडा के कुछ श्रमिकों से व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संपर्क था। इन ग्रुप्स में मजदूरों को न्यूनतम वेतन और कार्य परिस्थितियों को लेकर भड़काऊ संदेश भेजे जा रहे थे। आंदोलन के दौरान स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) भी सक्रिय रही और संदिग्धों के सोशल मीडिया अकाउंट्स तथा डिजिटल गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि ठोस साक्ष्य मिलते हैं तो उनके मोबाइल फोन जब्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कुल आठ संदिग्धों को चिन्हित किया है, जिनमें पांच युवतियां और तीन युवक शामिल हैं। माना जा रहा है कि ये लोग नोएडा में हुए घटनाक्रम से जुड़े हो सकते हैं और वहीं से इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे। गौरतलब है कि नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में भी श्रमिकों को सुनियोजित तरीके से भड़काने की घटनाएं सामने आई थीं, जहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर आंदोलन को उग्र बनाने की कोशिश की गई थी।
एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी संदिग्धों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

