विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने की आशंका, प्रशासन ने कसी कमर
भागलपुर । विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने की संभावित स्थिति को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भागलपुर और नवगछिया के बीच प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ विभिन्न गंगा घाटों और वैकल्पिक संपर्क मार्गों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन संभावित घाटों का जायजा लिया, जहां से जरूरत पड़ने पर नावों के माध्यम से यात्रियों का आवागमन कराया जा सकता है। इसके साथ ही वैकल्पिक सड़क मार्गों की स्थिति भी देखी गई, ताकि विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने की स्थिति में यातायात को तत्काल दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किया जा सके।
डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नदी मार्ग से आवागमन के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा लाइफ जैकेट और अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक मार्गों और घाटों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।

