पुलिस आयुक्त ने पिंडरा सर्किल के थानों का किया निरीक्षण
फूलपुर हत्याकांड में सख्त कार्रवाई के निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को पिंडरा सर्किल के थाना बड़ागांव, फूलपुर और सिंधौरा का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, विवेचना और तकनीकी पुलिसिंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान थाना बड़ागांव में अर्दली रूम आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने थाना फूलपुर के चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड की समीक्षा करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीट खोलने तथा आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा।

पुलिस आयुक्त ने विवेचना को साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र पूरा कर आरोप पत्र तत्काल न्यायालय भेजने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को जल्द सजा दिलाने के निर्देश दिए।
इस दौरान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत थाना फूलपुर द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 300 से अधिक वाहनों पर की गई सीज कार्रवाई की सराहना की गई। पुलिस आयुक्त ने सभी थानों को इसी तरह सघन और परिणाममुखी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विवेचना रजिस्टर एवं एसआईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए प्रत्येक मुकदमे में शत-प्रतिशत यूनिक एसआईडी बनाने तथा 60 दिनों से अधिक कोई भी विवेचना लंबित न रखने के निर्देश दिए। साथ ही नव नियुक्त आरक्षियों को सीसीटीएनएस, सीडीआर विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज निरीक्षण, ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली का व्यवहारिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।
पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि नव आरक्षियों को प्रतिदिन छह घंटे इनडोर और छह घंटे आउटडोर प्रशिक्षण देकर बीट ड्यूटी, गश्त, जनसुनवाई और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का व्यावहारिक अनुभव कराया जाए।
अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कुल 36 वाहन सीज किए गए तथा 640 वाहनों का चालान कर 10.37 लाख रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। इसके अलावा 23 अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त निपेन्द्र तथा संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

