40 साल बाद सुलझा पत्नी हत्याकांड, 84 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

40 साल बाद सुलझा पत्नी हत्याकांड, 84 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, (जनवार्ता)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करीब चार दशक पुराने एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए 84 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंद्रशेखर प्रसाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का निवासी है।

rajeshswari


पुलिस के अनुसार यह मामला वर्ष 1986 का है, जब पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में प्रसाद ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी शक में उसने गुस्से में आकर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान घर में मौजूद घरेलू सहायक को भी हथियार के बल पर धमकाया गया था।


वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था और वर्ष 1987 में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद यह मामला लंबे समय तक ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। उस समय आधुनिक तकनीक और डिजिटल रिकॉर्ड के अभाव में जांच में कई बाधाएं आईं।


हाल ही में क्राइम ब्रांच ने इस पुराने केस को दोबारा खोला। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी के बच्चे दिल्ली और बिहार में रह रहे हैं। इसके आधार पर संदिग्ध मोबाइल नंबरों को निगरानी में लिया गया और बिहार के नालंदा में भी स्थानीय स्तर पर जांच की गई।


जांच में सामने आया कि आरोपी समय-समय पर धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों में आता-जाता रहा है और अभी जीवित है। तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः उसके ठिकाने का पता लगा लिया।

इसे भी पढ़े   टेलीकॉम,रिटेल के किंग बनने के बाद अब मुकेश अंबानी करेंगे आपके 'खून की जांच',150 अरब डॉलर के इस बाजार पर नजर


पुलिस ने 22 अप्रैल 2026 को नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के नांगली पूना इलाके में एक फैक्ट्री के स्टोर रूम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वह यहां अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।


पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले 40 वर्षों में बिहार, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में अलग-अलग पहचान के साथ रहा। कुछ समय उसने आश्रम में भी शरण ली और पटियाला में रिक्शा चलाकर जीवनयापन किया।
पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी पुराने मामलों को सुलझाने की दिशा में बड़ी सफलता है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *