स्वामी हरिदास महोत्सव का शुभारंभ

स्वामी हरिदास महोत्सव का शुभारंभ

वृंदावन  (जनवार्ता)। रमणरेती स्थित वन महाराज कॉलेज के हरित परिसर में शुक्रवार, 18 सितंबर को स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव का शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका ने स्वामी हरिदास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्पार्चन कर महोत्सव का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में ब्रज की भक्ति परंपरा के साथ शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

rajeshswari


राज्यपाल रामेन डेका ने कहा कि ब्रज की पावन भूमि भक्ति और साधना की धरती है। स्वामी हरिदास ब्रज की समृद्ध भक्ति परंपरा की महान विभूति थे। उन्होंने अपनी स्वर साधना के माध्यम से श्रीराधा-कृष्ण की भक्ति को संगीत से जोड़ा और भारतीय शास्त्रीय संगीत को विशिष्ट पहचान दिलाई।


विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि स्वामी हरिदास की सुर साधना से प्रकट ठाकुर बांकेबिहारी जी ब्रज की अनुपम आध्यात्मिक विरासत हैं। महोत्सव के पहले दिन गायन, वादन और नृत्य की त्रिवेणी देखने को मिली।


सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत बनारस घराने के कथक नृत्यकार विशाल कृष्ण ने की। उन्होंने वसुंधरा के साथ श्रीराधा-कृष्ण के प्रथम मिलन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया। तीनताल की 16 मात्राओं में विलंबित लय पर उनकी प्रस्तुति में कथक की लयकारी और भाव-भंगिमाओं का सुंदर संयोजन देखने को मिला। इसके बाद श्रीकृष्ण और गोपियों के प्रेम को दर्शाता महारास कथक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। बनारस के पारंपरिक थाली नृत्य ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समापन पर श्रीकृष्ण द्वारा बांसुरी की तान से राधारानी को रिझाने की लीला का मंचन किया गया।


सांस्कृतिक संध्या में मध्यप्रदेश की कलाकार बहनों संस्कृति और प्रकृति ने संतूर-सितार की जुगलबंदी पेश की। दोनों ने वाद्ययंत्रों पर सुरों की मनोहारी तान छेड़कर संगीतप्रेमियों को देर तक बांधे रखा। इसके बाद स्वामी हरिदास संगीत अकादमी के निर्देशक अजित सिंह के निर्देशन में कथक की विभिन्न भाव-भंगिमाओं और नृत्य शैलियों का प्रदर्शन हुआ। प्रस्तुतियों में आनंद मिश्रा ने तबले, प्रखर विजयवर्गीय ने पखावज, आशीष कुमार ने सितार और जयवर्धन दधीचि ने गायन से संगत की।
समारोह में संत मौनी बाबा महाराज, संत कमंडल वाले बाबा, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, एसपी सिटी राजीव सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्यजन और संगीतप्रेमी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े   कनाडा के राजनयिक को 5 दिन में भारत छोड़ने का आदेश,जैसे को तैसा वाला जवाब
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *