आगरा में फ्रिज में बनी बर्फ की शिवलिंगनुमा आकृति, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आगरा के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा क्षेत्र में एक घर के फ्रिज में बर्फ से शिवलिंग जैसी आकृति बनने के बाद वहां श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। परिवार के लोगों ने सबसे पहले आकृति की पूजा-अर्चना शुरू की, जिसके बाद इसकी जानकारी पूरे मोहल्ले में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घर पहुंचने लगे और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

बर्फ की इस शिवलिंगनुमा आकृति के दर्शन के लिए आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से महिलाएं भजन-कीर्तन कर रही हैं, आरती उतार रही हैं और प्रसाद अर्पित कर रही हैं। घर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सूचना मिलने पर क्षेत्र के एक साधु भी वहां पहुंचे। उन्होंने उपस्थित लोगों को अमरनाथ गुफा में रहने वाले कबूतरों के जोड़े से जुड़ी धार्मिक कथा सुनाई और इसे भगवान शिव की महिमा से जोड़कर बताया।
कई श्रद्धालु इस घटना को अमरनाथ के बाबा बर्फानी की आस्था से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, यह फ्रिज के भीतर जमी बर्फ से स्वाभाविक रूप से बनी आकृति है और इसके संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक या वैज्ञानिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला हिम शिवलिंग यात्रा के दौरान तापमान बढ़ने के कारण काफी हद तक पिघल चुका है।

