रेलवे अफसर से मारपीट पर बवाल, यूपीभर में रेलकर्मियों का प्रदर्शन
आगरा (जनवार्ता)। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट (डीएसएस) नरेंद्र चाहर के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जवानों द्वारा कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में मंगलवार को आगरा, मथुरा, झांसी समेत उत्तर प्रदेश के करीब 30 शहरों में हजारों रेलकर्मी सड़कों पर उतर आए और दोषी जवानों की गिरफ्तारी व बर्खास्तगी की मांग की।


पीड़ित अधिकारी की पत्नी हरेंद्री चाहर ने मीडिया से बातचीत में भावुक होते हुए कहा कि यदि आरोपित आरपीएफ जवानों को गिरफ्तार कर सेवा से बर्खास्त नहीं किया गया और उनके पति को न्याय नहीं मिला, तो वह आत्महत्या करने को मजबूर होंगी। वहीं, डीएसएस नरेंद्र चाहर ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
आगरा में एक हजार से अधिक रेलकर्मियों ने डीआरएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। महिला कर्मचारियों ने भी आरपीएफ के खिलाफ नारेबाजी की, जबकि पीड़ित अधिकारी के परिजनों ने रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी।
उल्लेखनीय है कि 12 जुलाई को आगरा कैंट स्टेशन पर एक महिला यात्री की मदद के लिए ट्रेन रुकवाने को लेकर डीएसएस नरेंद्र चाहर और आरपीएफ जवानों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद आरपीएफ जवानों ने नरेंद्र चाहर के साथ मारपीट कर उन्हें प्लेटफॉर्म पर घसीटा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलकर्मियों में भारी आक्रोश फैल गया।
मामले में आरपीएफ के एएसआई मेघराज मीणा, बालकिशन तथा कॉन्स्टेबल बदन सिंह और जितेंद्र को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, रेलकर्मी निलंबन के बजाय आरोपितों की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग पर अड़े हुए हैं।

