लखनऊ: महिला आरक्षण बिल पर BJP का जन आक्रोश, CM योगी के नेतृत्व में निकली विशाल पदयात्रा
लखनऊ, (जनवार्ता) । महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में पारित न होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में ‘जन आक्रोश रैली’ का आयोजन किया। रैली का नेतृत्व मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
तेज धूप के बीच मुख्यमंत्री सड़कों पर उतरे और कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। धूप से बचाव के लिए उन्होंने भगवा गमछा ओढ़ रखा था। रैली में उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak, Keshav Prasad Maurya, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Pankaj Chaudhary तथा सुभासपा नेता Om Prakash Rajbhar भी मौजूद रहे।
पदयात्रा हजरतगंज होते हुए विधान भवन के सामने पहुंची। रैली के चलते लोहिया पथ, कैंट रोड, लालबत्ती चौराहा और परिवर्तन चौक सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में पुलिसकर्मियों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
इस रैली में सीतापुर जिले से ही 5 हजार से अधिक महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। उन्हें लगभग 150 बसों और 50 निजी वाहनों के माध्यम से लखनऊ लाया गया। सुबह चार बजे ही कार्यकर्ता जिला मुख्यालय से रवाना हो गई थीं।
रैली के मद्देनजर शहर में सुबह छह बजे से ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया था। प्रशासन ने लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी थी। यातायात संबंधी समस्याओं के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी किया गया था।
भाजपा ने इस रैली के जरिए महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और इसे ‘नारी शक्ति के सम्मान’ से जुड़ा विषय बताया।


