कटरिया कांड पर सियासत तेज, 29 अप्रैल को गाजीपुर आएंगे अखिलेश यादव
छह और आरोपी गिरफ्तार; कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल 27 अप्रैल को करेगा पीड़ित परिवार से मुलाकात
गाजीपुर, (जनवार्ता):
करंडा क्षेत्र के कटरिया गांव में नाबालिग लड़की की मौत का मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 अप्रैल को गाजीपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। वहीं, कांग्रेस की ओर से भी सक्रियता बढ़ गई है और पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल 27 अप्रैल को गांव का दौरा करेगा।
कांग्रेस नेताओं के सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देने के बाद पार्टी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया है। ओबीसी कांग्रेस के चेयरमैन डॉ. अनिल जयहिंद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी लेगा और रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपेगा। कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. जयहिंद 27 अप्रैल को वाराणसी पहुंचेंगे और दोपहर में कटरिया गांव जाकर परिजनों से मुलाकात करेंगे।
इस बीच, पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए छह और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले दस आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है। नवगिरफ्तार आरोपितों में धरम्मरपुर निवासी बजरंगी यादव, सुनील यादव, मंतोष यादव, शनि यादव तथा कटरिया निवासी आशीष कुमार राम और अमित कुमार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी से पूछताछ की जा रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
घटना को लेकर प्रस्तावित कैंडल मार्च से पहले ही शहर का सिटी रेलवे स्टेशन क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। कैंडल मार्च निकालने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए रोक दिया और कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। जिलाध्यक्ष सुनील राम को उनके आवास से ही हिरासत में लिया गया, जबकि अन्य कार्यकर्ताओं को मौके से पकड़ा गया।
प्रशासन ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है, वहीं पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।


