जौनपुर : मासूम का झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव
रेप के बाद निर्मम हत्या की आशंका
जौनपुर (जनवार्ता)। जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय नाबालिग बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई। मासूम का खून से सना शव गांव के पास सरपत की झाड़ियों में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने बलात्कार के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी मां के साथ रिश्तेदारी में वैवाहिक समारोह में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के दौरान बच्ची रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। परिवार ने काफी देर तक खुद तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूरे गांव में छानबीन की।
सुबह सरपत के झुरमुट में बच्ची का शव मिला। शव खून से लथपथ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
डीएम और एसपी स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। आगे की जांच की जा रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने मासूम की निर्मम हत्या की निंदा करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का दावा किया है।

