जौनपुर: सीज इनोवा कार और बस में रहस्यमयी आग, हड़कंप
जौनपुर (जनवार्ता)। गुरुवार दोपहर लाइन बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सीज कर सड़क किनारे खड़ी की गई इनोवा कार और पास में खड़ी बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

घटना वाराणसी मार्ग पर थाना परिसर से कुछ दूरी पर हुई। सूत्रों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे अचानक धुआं उठता देख लोगों ने देखा कि इनोवा कार में आग की लपटें निकल रही हैं। देखते ही देखते पूरी कार आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन टीम को पहुंचने में करीब आधा घंटा लगा। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इनोवा कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। बस को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। आग के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार थाना पुलिस द्वारा पहले ही सीज की गई इस इनोवा कार में अचानक आग लगने की घटना संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास खड़े लोग घबराकर दूर भागने लगे। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना के बाद पुलिस की देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड और सीज वाहन को खुली सड़क पर बिना पर्याप्त सुरक्षा के खड़ा करने को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी जताई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आग के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

