रायबरेली में हाईवे पर भीषण हादसा, सिपाही समेत तीन की मौत

रायबरेली में हाईवे पर भीषण हादसा, सिपाही समेत तीन की मौत

रायबरेली  (जनवार्ता)। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह करीब आठ बजे बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी चौराहे के पास पुलिस लिखी एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

rajeshswari


सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।


हादसे में रायबरेली दीवानी न्यायालय में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सिपाही महाराज सिंह (50) की मौत हो गई। वह मूल रूप से जालौन के निवासी थे और वर्तमान में परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे। बताया गया कि चार दिन की छुट्टी के बाद वह अपनी निजी क्रेटा कार से ड्यूटी पर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने चार लोगों को लिफ्ट दी थी।
मृतकों में लालगंज के सरेनी निवासी चंद्रपाल सिंह (72) भी शामिल हैं, जबकि तीसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। घायलों की पहचान कुंडौली निवासी मोहम्मद रियान (25) और लखनऊ के तेलीबाग निवासी रजत साहू (34) के रूप में हुई है।


हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया।
प्रारंभिक जांच में किसी अन्य वाहन से टक्कर के संकेत नहीं मिले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सीधे पुलिया की रेलिंग से जा टकराई। पुलिस चालक को झपकी आने सहित सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़े   मायावती ने इमरान मसूद का बसपा में किया स्वागत, 'खास' जिम्मेदारी से भी नवाजा

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *