यूपी में रियल एस्टेट को बढ़ावा: 10 जिलों में 3100+ नए फ्लैट और दुकानें बनेंगी
लखनऊ, (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने राज्य के 10 जिलों में 15 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं में करीब 1270.48 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिसके तहत 3102 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
यह स्वीकृति प्राधिकरण की 201वीं बैठक में दी गई। सबसे अधिक निवेश गौतम बुद्ध नगर में होगा, जहां करीब 507.77 करोड़ रुपये की लागत से दो आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना विकसित होंगी। यहां 380 आवासीय और 169 कमर्शियल यूनिट्स बनेंगी।

राजधानी लखनऊ में 90.77 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिनमें 330 आवासीय और 348 व्यावसायिक इकाइयों का विकास होगा।
मुरादाबाद में 335.77 करोड़ रुपये की एक बड़ी परियोजना के तहत 627 इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा बदायूं में 72 करोड़ रुपये की लागत से 226 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी।
धार्मिक नगरी वाराणसी में भी 36.68 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसके तहत 98 फ्लैट बनाए जाएंगे। वहीं मेरठ में 76, प्रयागराज में 99, और मुजफ्फरनगर में 127 आवासीय इकाइयों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त गाजियाबाद में 122.18 करोड़ रुपये की लागत से 330 व्यावसायिक इकाइयां, जबकि गोरखपुर में 41.50 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत 292 कमर्शियल यूनिट्स विकसित की जाएंगी।
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि इन परियोजनाओं से निर्माण के दौरान बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही निर्माण सामग्री, परिवहन और इंजीनियरिंग सेवाओं की मांग बढ़ने से संबंधित जिलों की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
प्राधिकरण ने भरोसा जताया कि समयबद्ध स्वीकृति और सख्त निगरानी के जरिए घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए प्रदेश में संतुलित शहरी विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।

