यूपी में भीषण गर्मी का कहर, CM योगी ने जारी किए सख्त निर्देश
बांदा में पारा 48 डिग्री पहुंचा, अस्पतालों और बिजली व्यवस्था पर विशेष निगरानी के आदेश
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी बांदा में रही, जहां पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह तापमान सामान्य से करीब 4.5 डिग्री अधिक बताया गया है और देश में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया।
प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ काम करें तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
सीएम योगी ने अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने आमजन से भी लू और गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चे और बुजुर्ग विशेष सतर्क रहें, तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और सूती या खादी के ढीले कपड़े पहनें। साथ ही आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए भी लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को श्रमिकों और कामगारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों को थकावट, निर्जलीकरण और लू से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।


