मिर्जापुर : पत्रकार सरिता सिंह गंभीर हालत में बरामद, रस्सी से बंधे हाथ-पैर, शरीर पर पेट्रोल डालकर हत्या की कोशिश

मिर्जापुर : पत्रकार सरिता सिंह गंभीर हालत में बरामद, रस्सी से बंधे हाथ-पैर, शरीर पर पेट्रोल डालकर हत्या की कोशिश

मिर्जापुर (जनवार्ता)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के गरेरी गांव (सिवान) में यूट्यूबर व पत्रकार सरिता सिंह को बुधवार सुबह गंभीर हालत में बंधी हुई अवस्था में बरामद किया गया। उनके हाथ-पैर रस्सी से कसकर बंधे थे, मुंह दुपट्टे से लपेटा गया था और पूरे शरीर पर पेट्रोल डाला गया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उन्हें जान से मारने की साजिश विफल हो गई।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार सरिता सिंह पिछले एक सप्ताह से लापता थीं। बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें सिवान क्षेत्र में बंधी हालत में देखा और तुरंत राजगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। उनके शरीर से पेट्रोल की तेज गंध आ रही थी, जिससे स्पष्ट है कि अपराधियों ने उन्हें बंधक बनाकर जान से मारने की कोशिश की थी।

राजगढ़ पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज, आसपास के लोगों के बयान और सरिता सिंह के मोबाइल-लैपटॉप की जांच की जा रही है। अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।

पत्रकार सरिता सिंह स्थानीय स्तर पर सोशल मुद्दों पर यूट्यूब के माध्यम से अपनी राय रखती थीं। उनकी लापता होने की सूचना पहले भी दर्ज कराई गई थी। इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है और क्षेत्र में महिला सुरक्षा व पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले की निगरानी स्वयं शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि दोषियों को चिह्नित कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। स्थानीय पत्रकारों और महिला संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इसे भी पढ़े   बीएचयू में संविदा कर्मचारियों का धरना जारी, पुलिस-प्रशासन की अपील बेअसर

सरिता सिंह का स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है, लेकिन उन्होंने अभी तक विस्तृत बयान नहीं दिया है। पुलिस उनके स्वास्थ्य सुधरने का इंतजार कर रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *