वाराणसी: महिला आयोग की जनसुनवाई कल, घरेलू हिंसा-दहेज पीड़िताएं पहुंचें
वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ की सदस्य श्रीमती गीता विश्वकर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे सर्किट हाउस सभागार में आयोजित होगा।

जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, जमीनी विवाद और अन्य प्रकार की महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर सुनवाई की जाएगी। पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज मिश्र ने जनपद की समस्त महिलाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि आयोग पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेगा और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पीड़ित महिलाएं अपनी लिखित शिकायत, संबंधित दस्तावेज एवं साक्ष्य साथ लाकर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हो सकती हैं।
यह जनसुनवाई महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

