बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में तेज रफ्तार टिपर ने युवक को कुचला, मौत
सोनभद्र (जनवार्ता)। ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार टिपर की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और लोगों ने अव्यवस्थित खनन परिवहन तथा प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।

मृतक की पहचान अंकित कुमार चौरसिया पुत्र नंदलाल चौरसिया निवासी सेक्टर-8 आकाशवाणी कॉलोनी, ओबरा के रूप में हुई है। बताया गया कि अंकित एमआर की नौकरी करता था और शनिवार सुबह रॉबर्ट्सगंज से ओबरा लौट रहा था। सुबह करीब 8:30 बजे बिल्ली मारकुंडी चढ़ाई के पास खदान से निकल रही तेज रफ्तार टिपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीएचसी चोपन के डॉक्टर सुनील यादव ने बताया कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खनन क्षेत्र में भारी वाहन बेलगाम दौड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। लोगों ने भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

