बैट्री की रोशनी में सजती थी लाखों की बाजी, म्योरपुर पुलिस के धावे में अंतरराज्यीय जुआ गिरोह धराशायी
सोनभद्र के म्योरपुर क्षेत्र में जंगल की खामोशी के बीच रात ढलते ही ताश के पत्तों पर लाखों की बाजियां सजती थीं। बैट्री की रोशनी में चल रहे इस हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर म्योरपुर पुलिस ने धावा बोला और अंतरराज्यीय जुआ नेटवर्क का पूरा खेल बेनकाब कर दिया।


पुलिस ने मौके से 20 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रूपये 2,34,300 नकद, चार चारपहिया वाहन, 20 मोबाइल फोन और ताश की तीन गड्डियां बरामद कीं। बरामद वाहनों में कई लग्जरी कारें भी शामिल हैं, जिन्हें मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध उन्मूलन अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। ‘ऑल आउट’ अभियान के दौरान लिलासी चौकी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कुदरी के भदहर टोला में सुनसान स्थान पर जुए की महफिल जमी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर दबिश दी और पूरे गिरोह को धर दबोचा।
जांच में खुलासा हुआ कि यह कोई सामान्य जुआ मंडली नहीं, बल्कि कई राज्यों में फैला संगठित नेटवर्क था। सोनभद्र, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जुड़े लोग यहां नियमित रूप से जुटते थे। पुलिस की नजरों से बचने के लिए सुनसान जगह चुना जाता, तिरपाल बिछाई जाती और बैट्री लाइट की रोशनी में रातभर खेल चलता।
पूछताछ में कुदरी निवासी राजेश कुमार को इस गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। उसके इशारे पर विभिन्न राज्यों से जुआरियों को बुलाया जाता था। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के आपराधिक इतिहास और इसके विस्तृत नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

