कबाड़ की दुकान में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

कबाड़ की दुकान में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

– घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू, लाखों का नुकसान

सोनभद्र (जनवार्ता)। ओबरा थाना क्षेत्र में वन विभाग कार्यालय के समीप स्थित एक कबाड़ की दुकान में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

rajeshswari

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबाड़ की दुकान से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक व अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया, लेकिन कबाड़ में रखे ज्वलनशील सामान के चलते आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई दमकल वाहनों की मदद से घंटों प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

घटना के दौरान पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार छाया रहा, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इसे भी पढ़े   जनता दर्शन से मजबूत हुआ पुलिस-जन संवाद, एसपी ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

कबाड़ दुकान के मालिक सुनील कुमार ने बताया कि आग लगने से करीब छह से सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह खाना खाने गए थे। वापस लौटने पर गोदाम में आग लगने की जानकारी मिली। पहले स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि दमकल विभाग की टीम देर से पहुंची, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और भारी नुकसान हुआ। उनका कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *