वाराणसी में 1029 युवाओं ने लिया खेलो इंडिया युवा संवाद में हिस्सा

वाराणसी में 1029 युवाओं ने लिया खेलो इंडिया युवा संवाद में हिस्सा

खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने का संदेश

वाराणसी (जनवार्ता) । मेरा युवा भारत, वाराणसी के तत्वावधान में जिले के तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में ‘खेलो इंडिया युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 1029 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और खेलों में उपलब्ध रोजगार व करियर की संभावनाओं से परिचित कराना रहा।

rajeshswari

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से हुआ। इसके बाद तीनों आयोजन स्थलों पर मां सरस्वती तथा हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के जिमखाना क्लब में आयोजित कार्यक्रम में 100 युवाओं ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह तथा विशिष्ट अतिथि संस्थान के छात्र कार्य अधिष्ठाता प्रो. राजेश कुमार रहे। खेल जगत से जुड़े मंगल यादव और नासिर अली ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने हॉकी और क्रिकेट के अनुभव साझा करते हुए नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित कार्यक्रम में 404 युवाओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि कुलपति प्रो. आनंद के. त्यागी और कुलसचिव सुनीता पांडेय उपस्थित रहीं। अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन खिलाड़ी पूनम यादव ने युवाओं को खेलों में मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के महत्व से अवगत कराया।

धीरेंद्र महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 525 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल रहे। विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नलिनी मिश्रा रहीं। राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शालू सोनकर ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी करने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

इसे भी पढ़े   स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्रा से सरेराह छेड़छाड़

तीनों आयोजन स्थलों पर खिलाड़ियों ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए खेलों में उपलब्ध अवसरों, रोजगार की संभावनाओं, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और नियमित अभ्यास पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को युवा विकास एवं नेतृत्व संवाद तथा खेलो इंडिया से जुड़े अपने विचार, सुझाव और नवाचार साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही युवाओं को विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई। युवाओं ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

तीनों आयोजन स्थलों पर युवाओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में 100, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 404 और धीरेंद्र महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 525 युवाओं की सहभागिता के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *