शिवपुर : अधिवक्ता के सूने मकान में लाखों की चोरी
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वाराणसी (जनवार्ता) । शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी चौकी अंतर्गत विश्वनाथपुरी कॉलोनी में चोरों ने एक अधिवक्ता के बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय अधिवक्ता अपने परिवार के साथ पैतृक गांव में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

विश्वनाथपुरी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता महिपाल सिंह मकान में ताला बंद कर सपरिवार गाजीपुर के सियावां गांव गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सुनसान मकान का फायदा उठाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 35 हजार रुपये नकद और करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए।
परिवार 25 अगस्त को धार्मिक कार्यक्रम से वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी होते ही परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने चोरों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

