ऑनलाइन संपत्तिकर पर 12% छूट
वाराणसी, (जनवार्ता)। नगर निगम वाराणसी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संपत्तिकर जमा करने पर विशेष छूट योजना शुरू की है। नगर निगम के अनुसार गृहकर, जलकर और सीवरकर एकमुश्त जमा करने पर 10 प्रतिशत, जबकि ऑनलाइन भुगतान करने पर 12 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।

नगर निगम के अभिलेखों में करीब 2.33 लाख भवन पंजीकृत हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह छूट योजना 8 मई से 15 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी। भवन स्वामी नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
नगर निगम के अनुसार 27 अप्रैल से 6 मई के बीच 4325 भवन स्वामियों ने करीब 1.98 करोड़ रुपये का संपत्तिकर जमा किया है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों में ऑनलाइन भुगतान को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।
इसके अलावा दृष्टिहीन और 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग भवन स्वामियों को प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने पर 100 प्रतिशत कर छूट दी जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से समय पर कर जमा कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

