एयर शो की सुरक्षा में 12 हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात

एयर शो की सुरक्षा में 12 हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात

107 वरिष्ठ अफसर संभालेंगे कमान

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी के घाटों पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। करीब 30 लाख लोगों की संभावित भीड़ और 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित वीवीआईपी और तीनों सेनाओं के प्रमुखों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की जा रही है।

rajeshswari

एयर शो के दौरान 13 आईपीएस अधिकारियों, 27 अपर पुलिस अधीक्षकों और 53 क्षेत्राधिकारियों समेत 107 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। इनके साथ करीब 12 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। वहीं खुफिया तंत्र के करीब एक हजार जवान अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखेंगे।

स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत नमो घाट पर एयरफोर्स के सहयोग से छह बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा। बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर समेत सरकारी और निजी अस्पतालों में 225 बेड आरक्षित रखे जाएंगे। जिले के 24 ब्लड बैंकों में सभी ग्रुप के चार-चार यूनिट रक्त रिजर्व रखने के साथ जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने के लिए डोनर्स की सूची भी तैयार की जाएगी।

एयर शो के दौरान 84 घाटों को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में मेडिकल टीम तैनात की जाएगी। घाटों के आसपास करीब 50 एंबुलेंस तैयार रहेंगी। नमो घाट से बीएचयू और मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा तक आपात स्थिति में मरीजों को पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। 20 अक्तूबर से सिटी कमांड सेंटर को सक्रिय कर स्वास्थ्य विभाग और एयरफोर्स की मेडिकल टीम के बीच समन्वय किया जाएगा।

इसे भी पढ़े   वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित

भीड़ नियंत्रण के लिए राजघाट पुल पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा। नमो घाट से रविदास घाट के बीच ग्रैंड रिहर्सल के दौरान गंगा में नाव और क्रूज संचालन भी रोका जाएगा।

प्रयागराज के बमरौली एयरबेस से उड़ान भरने वाले वायुसेना के विमान गंगा के ऊपर काशी के घाटों के सामने हवाई करतब दिखाएंगे। एयर शो को लेकर एयरफोर्स, एसपीजी, एटीएस, पुलिस, खुफिया एजेंसियों और जिला प्रशासन के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *