ढोल-नगाड़ों की थाप पर काशी में हुआ 500 बाइक सेवा यात्रियों का स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भेंट किए ओडीओपी उत्पाद, 10 पवित्र नदियों का जल लेकर पहुंचे यात्री
वाराणसी (जनवार्ता) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘बाइक सेवा यात्रा’ के तहत गुजरात के वडनगर से काशी पहुंचे 500 बाइक सेवा यात्रियों का बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में यात्रियों का पारंपरिक तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया।

स्वागत समारोह के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बाइक सेवा यात्रियों को एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत तैयार उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और यात्रियों में उत्साह दिखाई दिया।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन को स्मरणीय बनाने के लिए बाइक सेवा यात्रा आयोजित की गई है। यात्रा में देश के 10 से अधिक राज्यों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यात्रियों ने रास्ते में स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और रक्तदान सहित विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से जनसेवा का संदेश दिया।
गुजरात के वडनगर से 10 पवित्र नदियों का जल लेकर मंगलवार शाम वाराणसी पहुंचे यात्रियों ने छावनी क्षेत्र स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम किया। 250 बाइकों पर सवार 500 यात्री 25-25 के समूह में 10 अलग-अलग मार्गों से काशी पहुंचे। विभिन्न दलों ने 10 राज्यों से होते हुए जौनपुर, भदोही, चंदौली, मीरजापुर और प्रयागराज के रास्ते वाराणसी में प्रवेश किया।
यात्री अपने साथ नर्मदा, साबरमती, माही, गोमती, विश्वामित्री, तापी, बनास, क्षेत्रुजी, अजी और पंबा नदियों तथा शर्मिष्ठा तालाब का जल लेकर आए हैं। इस जल से श्री काशी विश्वनाथ का अभिषेक किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह बाइक सेवा यात्रा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनकी कर्मभूमि एवं संसदीय क्षेत्र वाराणसी से शुरू हुई थी। वाराणसी से 250 बाइकों पर सवार 500 बाइक सेवा यात्री गुजरात के वडनगर के लिए रवाना हुए थे।

