दमकल कर्मियों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा, तीन घंटे में आग पर पाया काबू
स्वर्ण कला केंद्र में आग बुझाने के दौरान झुलसीं दमकलकर्मियों की उंगलियां, चोट लगने के बाद भी जारी रखा अभियान
वाराणसी (जनवार्ता)। रथयात्रा-महमूरगंज स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के भवनों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग बुझाने के दौरान कुछ दमकलकर्मियों की उंगलियों में आंशिक चोटें आईं।


जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 5:35 बजे अग्निशमन नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली। इसके महज एक मिनट बाद 5:36 बजे भेलूपुर अग्निशमन केंद्र से दो और चेतगंज अग्निशमन केंद्र से तीन दमकल गाड़ियां आवश्यक उपकरणों व कर्मचारियों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत के निर्देशन और भेलूपुर अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
शटर के ताले काटकर अंदर पहुंचे दमकलकर्मी
घटनास्थल पर कुछ शटर बंद होने के कारण दमकलकर्मियों को अंदर प्रवेश करने में कठिनाई हुई। इसके बाद चेतगंज से बहु-आपदा मोचन वाहन बुलाया गया और शटरों के ताले काटकर आग बुझाने का रास्ता बनाया गया। भूतल पर लगी कृत्रिम छत और लकड़ी के सामान में आग फैल गई थी। वहां घड़ी की दुकान और सोने-चांदी के सामान का सुरक्षित कक्ष भी मौजूद था। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
श्वास यंत्र पहनकर पहली मंजिल तक पहुंचे जवान
आग के कारण भवन के अंदर धुआं भर गया था और गर्मी पहली मंजिल तक पहुंच गई थी, जहां साड़ियों का प्रदर्शन कक्ष स्थित है। दमकलकर्मियों ने श्वास यंत्र पहनकर सीढ़ियों के सहारे ऊपरी मंजिल तक पहुंचकर कांच की दीवारें तोड़ीं, जिससे धुआं बाहर निकल सके। इसके बाद आग के शेष प्रभाव को खत्म करने के लिए कूलिंग की कार्रवाई की गई।
इस दौरान कुछ दमकलकर्मियों की उंगलियों में आंशिक चोटें आईं। इसके बावजूद उन्होंने उपचार के बाद दोबारा मोर्चा संभाला और अभियान जारी रखा। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 8:35 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दमकल विभाग की तत्परता से आग आसपास के भवनों तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा हादसा टल गया। दमकलकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों ने सराहना की।

