वाराणसी के विराट कांप्लेक्स में लगी आग, 150 लोगों को सुरक्षित निकाला

वाराणसी के विराट कांप्लेक्स में लगी आग, 150 लोगों को सुरक्षित निकाला

धुआं भरने से पांच लोगों की बिगड़ी तबीयत

वाराणसी (जनवार्ता)। धूपचंडी के रामकटोरा रोड स्थित पांच मंजिला विराट कांप्लेक्स में शुक्रवार देर रात विद्युत वायर डक्ट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लिफ्ट की वायर तक पहुंच गई और धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया। घटना के समय भवन में रह रहे लोग सो रहे थे। धुआं फैलने पर सुरक्षा गार्डों और निवासियों की नींद खुली। सूचना पर पहुंची चेतगंज पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर भवन के 42 फ्लैटों में रह रहे करीब 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

rajeshswari

अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को रात 1:55 बजे आग लगने की सूचना मिली। दमकल की गाड़ी अग्निशमनकर्मियों के साथ करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा गार्डों और स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया। भवन में पहले से मौजूद अग्निशमन संसाधनों की मदद से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।

धुएं से पांच लोगों को सांस लेने में परेशानी

बिजली के तार जलने से पूरे परिसर में धुआं भर गया था। इसके कारण पांच लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। सभी को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और वे सुरक्षित घर लौट गए। आग से केवल बिजली के तार जलने की जानकारी सामने आई है। घटना में किसी अन्य बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

अग्निशमन व्यवस्था से टला बड़ा हादसा

अग्निशमन विभाग के निरीक्षक दीपक सिंह ने बताया कि आग विद्युत वायर डक्ट में लगी थी। वहां आग बुझाने के आवश्यक इंतजाम मौजूद थे, जिससे आग को तेजी से फैलने से रोकने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि यदि अग्निशमन व्यवस्था उपलब्ध नहीं होती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

इसे भी पढ़े   समाजवादी पार्टी ने धूमधाम से मनाई भगवान विश्वकर्मा की जयंती

चेतगंज के थानाध्यक्ष पवन पांडेय ने बताया कि भवन में किसी के फंसे होने की आशंका को दूर करने के लिए एक फ्लैट की तलाशी भी ली गई। फिलहाल आग लगने की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच करेंगे।

लिफ्ट का भी कराया गया था निरीक्षण

पुलिस के अनुसार, विराट कांप्लेक्स में ओमेगा कंपनी की लिफ्ट लगी है, जिसका निरीक्षण करीब 20 दिन पहले कराया गया था। इसके बावजूद विद्युत वायर डक्ट में आग कैसे लगी, इसकी जांच की जाएगी। अग्निशमन विभाग की ओर से हाल ही में 400 लोगों को अग्निसुरक्षा संबंधी नोटिस भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। इनमें से करीब 350 लोगों द्वारा नोटिस पर ध्यान नहीं देने की बात कही गई है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *