वाराणसी में विवाद के बाद युवक की हत्या, ईंट से सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट
वाराणसी (जनवार्ता)। आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला घाट पर सोमवार को एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नीरज केवट के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, घटना की शुरुआत महिलाओं के बीच हुई मामूली कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि रविंद्र केवट और उसके साथियों ने मिलकर नीरज पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किया। इस हमले में रविंद्र के अलावा किशन, कल्लू, रंजीता, बसंत, कन्हैया, भरत, टकालू और सुमन के शामिल होने की बात कही जा रही है।
नीरज की बहन निशा और भाई धीरज का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश भी हो सकती है। अस्पताल में नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क उठे और परिसर में हंगामा करने लगे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की सूचना पर आदमपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वारदात की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

