अश्लील वीडियो बनाकर विवाहिता के शोषण का आरोप
एसीपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी (जनवार्ता)। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने पड़ोसी युवक पर अश्लील वीडियो बनाकर कई वर्षों तक शारीरिक शोषण करने तथा विरोध करने पर पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एसीपी राजातालाब के निर्देश के बाद मिर्जामुराद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसके दो पुत्र हैं। उसका पति रोजगार के सिलसिले में गुजरात के सूरत शहर में रहता है। महिला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले रितेश पाल ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान धोखे से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर लिए।
महिला का कहना है कि जब वह बच्चों के साथ पति के पास सूरत गई तो आरोपी वहां भी पहुंच गया और वीडियो तथा फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोपी द्वारा बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने तथा सामाजिक बदनामी के भय से वह लंबे समय तक चुप रही।
पीड़िता के मुताबिक, हाल ही में गांव लौटने के बाद आरोपी के फोन कॉल और संदेश लगातार आने लगे। परेशान होकर उसने पूरी घटना अपने पति को बताई, जिसके बाद पारिवारिक तनाव बढ़ गया और वह मायके चली गई। आरोप है कि इसी बीच आरोपी ने अपने परिचितों और रिश्तेदारों के मोबाइल नंबरों से महिला के पति को आपत्तिजनक संदेश भेजे और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसके माता-पिता को फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है, जिससे पूरा परिवार भय और तनाव में है।
पीड़िता द्वारा एसीपी राजातालाब को प्रार्थना पत्र, मोबाइल संदेशों के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी के निर्देश पर मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

