पोलियो अभियान के लिए निकली जागरूकता रैली
वाराणसी (जनवार्ता) । रविवार से शुरू हो रहे पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को जनपद स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और आमजन से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।


जनपद के सभी विकास खंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों से भी जागरूकता रैलियां निकाली गईं। रैलियों में आशा कार्यकर्ता, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मी, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर लेकर लोगों को पोलियो उन्मूलन अभियान से जुड़ने और प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाने के लिए प्रेरित किया।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि 28 जून को जनपद के सभी पोलियो बूथों पर बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा, जहां शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर आएं तथा घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें।
रैली के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के सर्विलांस अधिकारी डॉ. महेंद्र, जेएसआई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शाहिद तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने ‘दो बूंद जिंदगी की’ संदेश के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

