मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर हादसा
वाराणसी। शहर में प्रतिबंधित और जानलेवा मांझे का कहर एक बार फिर देखने को मिला। जैतपुरा थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर रविवार को मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान सुनील कुमार नागपुरी (पुत्र कृष्ण दास नागपुरी), निवासी चौखंभा, थाना चौक, वाराणसी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बाइक से जा रहे सुनील कुमार का गला अचानक मांझे में उलझ गया। इससे उनके गले में गंभीर चोट आई। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बाइक सवार को तत्काल मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क पर उड़ते जानलेवा मांझे से होने वाले हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए ऐसे मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत है।

