सड़क दुर्घटनाओं पर कमिश्नर की सख्ती

सड़क दुर्घटनाओं पर कमिश्नर की सख्ती

ब्लैक स्पॉट्स पर 15 दिनों में सुधार, स्कूल वाहनों की जब्ती के निर्देश

वाराणसी (जनवार्ता)। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों समेत अन्य मार्गों पर चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की जाए तथा कट पॉइंट्स के निकट रंबल स्ट्रिप्स, ब्लिंकर और पर्याप्त साइनेज लगाए जाएं।

rajeshswari

मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को यह निर्देश दिए। बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारियों, सभी जनपदों के एआरटीओ, पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मंडलायुक्त ने गत वर्ष की तुलना में वाराणसी मंडल में सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों की संख्या बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रत्येक दुर्घटना के कारणों की पृथक-पृथक समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों पर 15 दिनों के अंदर आवश्यक सुधार कार्य पूरे किए जाएं। रोड मर्जर पॉइंट्स और अंडरपास के निकट गति नियंत्रण एवं स्पीड कैल्मिंग उपाय सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को निर्देश दिया गया कि कट पॉइंट्स पर रंबल स्ट्रिप्स, ब्लिंकर एवं संकेतक लगाए जाएं।

स्कूल वाहनों पर सख्ती करते हुए मंडलायुक्त ने परिवहन, पुलिस और शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र वाले किसी भी स्कूल वाहन को संचालित न होने दिया जाए। परिवहन विभाग फिटनेस में अनुत्तीर्ण स्कूल वाहनों की थाना-वार सूची पुलिस को उपलब्ध कराएगा और पुलिस ऐसे वाहनों को जब्त करेगी।

हिट एंड रन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि सरकार की इस योजना के तहत अधिक से अधिक पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। अज्ञात वाहनों से संबंधित मामलों को जिला सड़क सुरक्षा समिति को भेजा जाए। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए सभी जनपदों के प्रमुख चौराहों और स्थानों पर फ्लेक्स लगाए जाएं।

इसे भी पढ़े   महिला की निजी तस्वीरें वायरल करने में पति पर आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

राहवीरों को सम्मानित करने के निर्देश देते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि गुड सेमेरिटन (राहवीरों) की पहचान कर उन्हें अनुग्रह राशि दिलाई जाए और सम्मानित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग को राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

बैठक में मनोज कुमार वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), राघवेंद्र सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *