निपुण शिक्षा से ही बनेगा विकसित भारत: योगी
वाराणसी (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकसित भारत की मजबूत नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही रखी जा सकती है। निपुण भारत अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को पढ़ने-लिखने और गणित की बुनियादी दक्षताओं में सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि नींव जितनी मजबूत होगी, देश का भविष्य उतना ही सशक्त होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते, मोजे और अन्य शैक्षिक सामग्री के लिए दी जाने वाली राशि 800 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये कर दी गई है। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष जोर दिया तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 आदर्श शिक्षकों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों और अन्य कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा तथा बीमा का लाभ मिलेगा। 10 हजार रुपये या उससे अधिक वेतन पाने वाले कर्मियों को 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, एक करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और स्थायी दिव्यांगता कवर मिलेगा, जबकि इससे कम वेतन पाने वालों को दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए हैं। नकलमुक्त परीक्षाओं, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक प्रयोगशालाओं जैसी सुविधाओं से शिक्षा की गुणवत्ता लगातार बेहतर हो रही है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा के साथ बच्चों के भविष्य निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

