नौतपा में न होने दें शरीर में पानी और नमक की कमी : डॉ. राजेश प्रसाद
वाराणसी (जनवार्ता)। नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेज धूप और बढ़ते तापमान में शरीर में पानी और नमक की कमी नहीं होने देनी चाहिए तथा घर से बाहर निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश प्रसाद ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक, डायरिया, उल्टी, पीलिया, टाइफाइड, वायरल फीवर, आंखों में लालपन तथा त्वचा में जलन जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों का शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और कई बार स्थिति गंभीर भी हो सकती है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि गर्मी में अधिक से अधिक पानी, ओआरएस और तरल पदार्थों का सेवन करें तथा दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।
डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति में कमजोरी, चक्कर आना, सिर दर्द, उबकाई, बेहोशी, घमौरियां, मरोड़ या ऐंठन जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सालय में चिकित्सकीय परामर्श लेकर उपचार कराना चाहिए।

