बरेका में सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता पर दिया जोर

बरेका में सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता पर दिया जोर

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत बुधवार को प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सेमिनार हॉल में सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। ‘भारत में सार्वजनिक खरीद का रूपांतरण : पारदर्शिता, दक्षता एवं समावेशिता’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में कोंकण रेलवे, नवी मुंबई के भंडार नियंत्रक अरुण मेहता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को खरीद प्रक्रिया के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।

rajeshswari

कार्यक्रम का शुभारंभ बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत और अतिथि वक्ता अरुण मेहता के पौधरोपण से हुआ। मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने अतिथि वक्ता का प्लांटर और अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया। महाप्रबंधक ने कहा कि सार्वजनिक खरीद किसी भी बड़े संगठन की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें पारदर्शिता, गुणवत्ता, निष्पक्षता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।

अरुण मेहता ने दो सत्रों में सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने खरीद में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समावेशिता के साथ सतर्कता संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्ता एवं लागत आधारित चयन की अवधारणा और उपयोगिता को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। साथ ही सार्वजनिक खरीद में संभावित जोखिम, निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रक्रियात्मक शुचिता बनाए रखने के उपाय बताए।

दूसरे सत्र में सतर्कता के दृष्टिकोण से सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया पर चर्चा हुई। विभिन्न प्रकरणों और उदाहरणों के माध्यम से खरीद प्रक्रिया में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर जानकारी दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने व्यावहारिक प्रश्न पूछे, जिनका अतिथि वक्ता ने विस्तार से जवाब दिया।

अरुण मेहता ने बरेका से अपनी रेल सेवा की शुरुआत से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से अपने अनुभव नई पीढ़ी के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ साझा करने का आह्वान किया। व्याख्यान के बाद महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इसे भी पढ़े   चोलापुर : पुलिस चौकी प्रभारी को हिरासत में धक्का देकर फरार हुए दो बदमाश

कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, उप महाप्रबंधक सागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे। अंत में मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने अरुण मेहता को ‘काशी का इतिहास’ और ‘अंधेर नगरी’ पुस्तक भेंट की तथा धन्यवाद ज्ञापित किया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *