हाईवे पर बेखौफ बदमाशों ने सहायक बैंक प्रबंधक से छीना करीब बयालीस हजार का मोबाइल, पूरे इलाके में हड़कंप
चौबेपुर (जनवार्ता )। स्थानीय थाना क्षेत्र में शिव मंदिर बनकट के पास हाईवे पर गुरुवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बैंक अधिकारी का करीब 42 हजार रुपये का मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है।

मिली जानकारी अनुसार मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना के कोठी गांव निवासी रामजनम यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक की बहादुरपुर चौबेपुर शाखा में सहायक शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। वह गुरुवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी दो अज्ञात बदमाश काले रंग की नई पल्सर बाइक पर सवार होकर आए और उनकी जेब से मोबाइल फोन व दोनों सिम कार्ड छीनकर फरार हो गए।पीड़ित रामजनम ने बताया कि लूटा गया मोबाइल करीब 41,499 रुपये का था, जिसमें उनके बैंकिंग कार्यों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी संग्रहीत थीं। घटना के तुरंत बाद उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 पर दी और फिर चौबेपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की पहचान के लिए कई संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया जाएगा।

