बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में शुरू हुई निःशुल्क वाई-फाई सेवा
वाराणसी (जनवार्ता) । मरीजों, तीमारदारों और छात्रों को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सर सुंदरलाल अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में शुक्रवार को निःशुल्क वाई-फाई सेवा का शुभारंभ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने क्यूआर कोड स्कैन कर किया और इसे आमजन के लिए समर्पित किया।

इस अवसर पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत कुमार चतुर्वेदी, भारत संचार निगम लिमिटेड के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.के. गुप्ता तथा ट्रॉमा सेंटर के आचार्य प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बीएसएनएल की ओर से जनसंपर्क अधिकारी अनीश कुमार सिंह, अभिजीत शाह, लोकनाथ सिंह और रंजीत कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, वाई-फाई सेवा का लाभ अस्पताल में भर्ती मरीज, उनके परिजन तथा अन्य आगंतुक उठा सकेंगे। इस सुविधा के माध्यम से वे अपने परिजनों और परिचितों से संपर्क बनाए रखने के साथ-साथ इंटरनेट आधारित सेवाओं, ऑनलाइन पंजीकरण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
प्रारंभिक चरण में यह सुविधा दो घंटे तक निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। भविष्य में इसे चौबीसों घंटे निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि डिजिटल युग में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक बनेगी।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और भारत संचार निगम लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई यह सेवा स्वास्थ्य संस्थानों में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे मरीजों, छात्रों और तीमारदारों को समान रूप से लाभ मिलेगा।

