आईआईटी-जैम 2027 की तैयारी के गुर बताए
120 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया मार्गदर्शन
वाराणसी। हरीशचंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं के लिए आईआईटी-जैम 2027 परीक्षा को लेकर विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भौतिकी, रसायन, गणित, प्राणि विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विभाग के स्नातक प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के 120 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


कार्यक्रम में आईआईटी-बीएचयू के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आईआईटी-जैम के माध्यम से विभिन्न विषयों में प्रवेश की प्रक्रिया, परीक्षा की तैयारी की रणनीति और उच्च शिक्षा के अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। रसायन विभाग के प्रो. धनेश तिवारी तथा भौतिकी विभाग के डॉ. कुलदीप वर्मा और डॉ. सोमनाथ नाथ ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने आईआईटी-जैम से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया। भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. आनंद कुमार द्विवेदी के साथ डॉ. दर्शन शर्मा, डॉ. श्री प्रकाश गुप्ता, डॉ. राहुल रंजन एवं डॉ. सूर्य प्रताप ने भी परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विद्यार्थियों के साथ परिचर्चा की।
कार्यक्रम का संचालन भौतिकी विभाग के डॉ. सूर्य प्रताप ने किया। इस अवसर पर प्रो. बिरेंद्र कुमार निर्मल, प्रो. संजय श्रीवास्तव, प्रो. संगीता श्रीवास्तव, प्रो. अशोक कुमार सिंह, डॉ. राकेश मणि मिश्रा तथा डॉ. सर्वतेज मौर्या सहित महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर भौतिकी विभाग की ओर से महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विभागीय शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने में सहायक हैं।

