183 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह सम्पन्न
वाराणसी (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को बड़गांव के श्री बलदेव इंटरमीडिएट कॉलेज प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजन-हवन और सात फेरों के साथ 183 जोड़ों का सामूहिक विवाह पूर्ण भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर बड़गांव विकास खंड के 84 तथा पिण्डरा विकास खंड के 99 जोड़ों ने परिणय सूत्र में बंधन बांधा।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. अवधेश सिंह, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए समारोह में पुरोहितों द्वारा सामूहिक वैदिक मंत्रोच्चारण कर वर-वधुओं को विवाह के सात वचनों से अवगत कराया गया।
योजना के अंतर्गत सभी नवदंपतियों को प्रतीकात्मक 60 हजार रुपये का डमी चेक, वस्त्र, उपहार सामग्री तथा विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने नवदंपतियों को बधाई देते हुए कहा, “हमारी संस्कृति और सभ्यता हमें एक सूत्र में बांधे रखती है। अग्नि को साक्षी मानकर लिए गए वचनों को जन्म-जन्मांतर तक निभाना हमारा धर्म है। कन्यादान महादान है। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से बेटियों को नई शक्ति मिल रही है।”
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी जोड़ों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की इस योजना से बेटियों की शादी निःशुल्क व गरिमापूर्ण तरीके से हो रही है।
समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों ने वर-वधुओं पर पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा।

