20 चौराहों पर लगेंगे हाईटेक कैमरे
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 20 प्रमुख चौराहों पर आधुनिक सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर कंपनी सीएसआर फंड से 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी। शुक्रवार को वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और कंपनी के बीच समझौता हुआ।

सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस के सर्वे के आधार पर 20 प्रमुख चौराहों का चयन किया गया है। कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के जरिए काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा। यहां से 24 घंटे निगरानी होगी। दुर्घटना, जाम या आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित थाने को भेजी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इससे यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियंत्रण और अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।

