बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को सुरक्षा से स्वावलंबन तक की दी जानकारी
भदोही (जनवार्ता)। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत भदोही पुलिस की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलन सहित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार और अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्हें 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1076 हेल्पलाइन के बारे में बताया गया।
पुलिस ने महिलाओं को UPCOP एप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी भी दी। साथ ही सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल या खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम और साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
भदोही पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें।

