सुगम दर्शन के नाम पर ठगी, 4 हजार लौटवाए
वाराणसी (जनवार्ता) । सावन के पहले सोमवार को काशी विश्वनाथ धाम में सुगम दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालु से 4 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया। कर्नाटक से आए एक परिवार से शीघ्र दर्शन कराने का झांसा देकर आरोपी ने रुपये ले लिए।

ठगी का एहसास होने पर महिला श्रद्धालु ने विरोध जताया। सूचना पर सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और आरोपी बसंत पांडेय को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद श्रद्धालु के पूरे 4 हजार रुपये वापस कराए गए तथा परिवार के दर्शन की व्यवस्था भी कराई गई।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि सुगम दर्शन के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति को रुपये न दें और ऐसी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

