अकथा वार्ड में 224.61 लाख की 8 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन
वाराणसी, (जनवार्ता) ।
प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अकथा वार्ड में 224.61 लाख रुपये लागत की 8 सड़क निर्माण एवं मरम्मत परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये कार्य डूडा, आवास विकास, विधायक निधि और पूर्वांचल निधि के तहत स्वीकृत हैं।


उद्घाटन किए गए कार्यों में पैगम्बरपुर, रूपनपुर, अकेलवा बाबा, मां वैष्णो कॉलोनी, नवापुरा, अनमोल नगर और श्रीनगर कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग सड़क, मार्ग मरम्मत और नई सड़क निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा 114 लाख रुपये की लागत से रुद्रा हाइट्स से अकथा गांव होते हुए नारोखर नाला तक स्टॉर्म वाटर लाइन निर्माण कार्य भी शुरू कराया गया।
मंत्री ने बताया कि पंचकोशी चौराहा से पैगम्बरपुर तक इंटरलॉकिंग, रूपनपुर-नटुई मार्ग की मरम्मत, अकेलवा बाबा क्षेत्र में इंटरलॉकिंग, वैष्णो कॉलोनी में 250 मीटर सड़क निर्माण, नवापुरा से अनमोल नगर तक 800 मीटर मार्ग नवीनीकरण तथा अनमोल नगर में 200 मीटर नई सड़क जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सड़क और गलियों के विकास से आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिल रही है और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराकर जनता को समर्पित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पार्षद राजेंद्र मौर्य, संजय जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, दिलीप चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

