लखनऊ में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, प्रेमी पर हत्या का आरोप
लखनऊ (जनवार्ता):
राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, बालागंज स्थित मिश्री बगिया कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय नीलम सक्सेना का शव शुक्रवार देर रात उनके आवास पर मिला। मृतका के भाई नरेश ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि नीलम के साथ रह रहे संजय गौतम ने उनकी हत्या की है।
परिजनों के मुताबिक, नीलम का विवाह हरदोई जिले में हुआ था और उनकी चार बेटियां हैं। करीब चार महीने पहले वह अपने पति से अलग होकर संजय गौतम के साथ लखनऊ आकर रहने लगी थीं। दोनों बालागंज क्षेत्र में एक खाली प्लॉट पर झोपड़ी बनाकर रह रहे थे, जहां नीलम अपनी छोटी बेटी निधि के साथ रहती थीं।
बताया जा रहा है कि घटना की रात नीलम और संजय के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मृतका की बेटी निधि के अनुसार, झगड़े के दौरान संजय ने उसकी मां का गला दबा दिया, जिससे वह अचेत हो गईं। इसके बाद वह दवा लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया।
सुबह जब नीलम काफी देर तक नहीं उठीं तो बेटी ने पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को मृत घोषित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं और मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।
अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। शुरुआती जांच में दोनों के बीच शराब के सेवन के बाद विवाद होने की भी आशंका जताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

