जंसा : भतसार और बेलौड़ी में हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा
6,820 रुपये और सीसीटीवी कैमरे के साथ एक गिरफ्तार
वाराणसी। जंसा पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का एक सीसीटीवी कैमरा, 6,820 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर की रात ग्राम भतसार में मनीष कुमार के मकान की अलमारी तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी। चोरों ने परिवार के दो अन्य सदस्यों के घरों में भी चोरी का प्रयास किया था। इस मामले में जंसा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा, 20 और 21 सितंबर की रात ग्राम बेलौड़ी स्थित वेदांत वाटिका में घर और कार्यालय के ताले तोड़कर चार सीसीटीवी कैमरे, एलईडी टीवी, एसी और बैग में रखे रुपये चोरी कर लिए गए थे। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे थे।
थानाध्यक्ष जंसा सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच के बाद पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर संजोई रेलवे क्रॉसिंग के पास हाईवे फ्लाईओवर के नीचे से भोनू राजभर (21), निवासी बरियासनपुर, थाना चौबेपुर, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अभिषेक राजभर और विनीत राजभर उर्फ बउआ के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई। उसके अनुसार, चोरी के सामान को बेचने की जिम्मेदारी अभिषेक की थी। चोरी से मिले रुपये से वे लोग राजदरी, चुनार और मुंबई घूमने गए थे। होटल, खानपान और अन्य खर्चों के बाद उसके हिस्से में मिले रुपये में से 6,820 रुपये बचे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद किया। आरोपी ने बरामद सीसीटीवी कैमरे को बेलौड़ी स्थित लॉन से चोरी किया गया बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सीपी प्लस कंपनी का एक सीसीटीवी कैमरा, नकदी के अलावा लोहे की मुड़ी हुई रॉड, तार मोड़ने का औजार, मैकेनिक पाना, तीन आरी ब्लेड और एक पेचकस रॉड बरामद किया है।

