टीबी मुक्त भारत के लिए ‘जोश’ टीम का शुभारंभ, वाराणसी में भी हुआ सीधा प्रसारण

टीबी मुक्त भारत के लिए ‘जोश’ टीम का शुभारंभ, वाराणसी में भी हुआ सीधा प्रसारण

वाराणसी (जनवार्ता) । देश को क्षय रोग (टीबी) से मुक्त करने के संकल्प को नई ऊर्जा देने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से ‘जोश’ (स्वास्थ्य के लिए संयुक्त दल) टीमों का राष्ट्रीय शुभारंभ किया गया। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित मुख्य समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का वाराणसी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में सीधा प्रसारण किया गया।

rajeshswari

‘संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज’ की भावना पर आधारित इस अभियान में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा रक्षा मंत्रालय संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। प्रथम चरण में देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत युवाओं की सक्रिय सहभागिता से गांव, ब्लॉक और वार्ड स्तर पर टीबी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय, पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधि और एनसीसी कमांडेंट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधियों और जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी अपने-अपने कार्यालयों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। एनसीसी कैडेट और माय भारत स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जोश टीम में नामित नोडल अधिकारी के नेतृत्व में पांच एनसीसी कैडेट और पांच माय भारत स्वयंसेवक शामिल होंगे। ये दल गांव, ब्लॉक और वार्ड स्तर पर जाकर टीबी के लक्षणों, निःशुल्क जांच और उपचार के संबंध में लोगों को जागरूक करेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि टीबी उन्मूलन की दिशा में जोश टीम की शुरुआत महत्वपूर्ण पहल है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को गति मिलेगी।

इसे भी पढ़े   रेलवे स्टेशन पर 33 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी से टीबी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रम और भेदभाव को दूर करना है। जोश टीमें स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मिलकर समुदाय तक टीबी जागरूकता का संदेश पहुंचाएंगी, जिससे मरीजों की समय पर पहचान के साथ उन्हें निःशुल्क उपचार और निक्षय पोषण योजना का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को बाल रोग विशेषज्ञ के परामर्श के अनुसार प्रोटीन पाउडर उपलब्ध कराया गया। उपस्थित लोगों ने टीबी मुक्त भारत की शपथ भी ली। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक मौजूद रहे तथा वाराणसी को टीबी मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *